म्योरपुर सीएचसी का निरीक्षण करते सीडीओ डॉ.अमित पाल शर्मा।
- फोटो : SONBHADRA
सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा ने शुक्रवार को म्योरपुर सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई डॉक्टर-कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सभी का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा ने सबसे पहले ब्लॉक मुख्यालय स्थित टीएचआरए बिल्डिंग के निर्माण का हाल जाना। उन्होंने भवन को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। कहा कि भवन जल्द पूरा होगा तो बाल विकास विभाग से मिलने वाला पोषाहार आसानी से रखा जा सकेगा। इसके बाद वह म्योरपुर सीएचसी पहुंचे। निरीक्षण के दौरान यहां एएनएम नीलम देवी, फार्मासिस्ट रवींद्र कुमार, नीरज कुमार राणा, स्टाफ नर्स सारंधा राय, असलम अंसारी, लेखाकार आनंद शुक्ला अनुपस्थित रहे। उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया। संविदा लैब टेक्निशियन अमित व अधीक्षक डॉ. राजीव रंजन के आकस्मिक अवकाश पर होने का पत्र पड़ा था। उन्होंने दवा भंडार कक्ष का निरीक्षण किया। दवा के रखरखाव के तरीके एवं स्टाफ के बारे में जानकारी ली।
वार्ड में मरीजों की स्थिति देखने के साथ ही उन्होंने साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। सीडीओ इसके बाद पड़री ग्राम पंचायत पहुंचे। वहां उन्होंने पेयजल की समस्या का हाल जाना। पड़री ग्राम पंचायत के चपरा, लौटान व बोदराडांड़ का निरीक्षण कर लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के समय में जल स्तर के खिसकने की वजह से ग्रामीणों को पेयजल की व्यवस्था होनी चाहिए। ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि जमुना यादव को उन्होंने विशेष तौर पर पानी की व्यवस्था करने की बात कही। निरीक्षण के दौरान डीपीआरओ विशाल सिंह, डीसी मनरेगा शेषनाथ चौहान, डीपीओ अजीत सिंह, खंड विकास अधिकारी नीरज तिवारी, एडीओ पंचायत रविदत्त मिश्रा, सचिव योगेंद्र सिंह, चिकित्सक डॉ. राजन सिंह, उमाशंकर पांडेय आदि मौजूद रहे।