बिहार के गया जी में पितृपक्ष मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने सिंगरौली-पटना एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को पुनपुन घाट हाॅल्ट स्टेशन पर अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है।
गाड़ी संख्या 13349/13350 सिंगरौली-पटना-सिंगरौली एक्सप्रेस का पुनपुन घाट हाॅल्ट स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा। यह सुविधा 25 सितंबर से 10 अक्तूबर तक प्रभावी रहेगी। धनबाद मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ ने बताया कि पितृपक्ष मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पिंडदान एवं धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पुनपुन और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचते हैं। श्रद्धालु यात्रियों की सुविधा को देखते हुए पुनपुन घाट हाॅल्ट स्टेशन पर सिंगरौली-पटना-सिंगरौली एक्सप्रेस के अलावा पटना-बरकाकाना-पटना पलामू एक्सप्रेस, इस्लामपुर-हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस, पूर्णिया कोर्ट-हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस तथा कुछ स्पेशल ट्रेनों को भी अस्थायी ठहराव दिया गया है।
सिंगरौली से पटना जाने और पटना से सिंगरौली लौटने वाले यात्रियों के लिए यह व्यवस्था खास तौर पर उपयोगी होगी। मेले की अवधि में पुनपुन घाट पर ट्रेन के ठहराव से श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थल तक पहुंचने में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।