लाकडाउन के दौरान सिंगरौली के मोरवा बस स्टैंड पर पसरा सन्नाटा।
- फोटो : SONBHADRA
शक्तिनगर/ सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में नगरीय क्षेत्र में 60 घंटे के लॉकडाउन के दूसरे दिन शनिवार को हर तरफ सन्नाटा पसरा रहा। आमतौर पर लोगों से गुलजार रहने वाले बाजार लॉकडाउन के कारण वीरान रहे। मोरवा में लॉकडाउन के कारण बाजार पूरी तरह से बंद रखे गए।
सुबह से ही थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार, चौराहों सहित अधिकांश भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर सन्नाटा पसरा पड़ा था। मोरवा पुलिस की सख्ती के कारण आवश्यक वस्तु छोड़ सभी दुकाने बन्द रही। मोरवा एसडीओपी राजीव पाठक व प्रभारी निरीक्षक मनीष त्रिपाठी मय फोर्स के साथ समूचे दिन इलाके का चक्रमण कर महामारी की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक करते रहे और बगैर मास्क घर से बाहर निकले पर सख्त दिखे। सायरन बजाती पुलिस की गाड़ियां के पुलिस कर्मियों की चहलकदमी दिन भर जिला मुख्यालय बैढ़न, मोरवा बाजार, नवानगर, विंध्यनगर सहित अन्य बाजारों में देखने को मिली। इस दौरान अनावश्यक रूप से सड़कों पर निकले लोगों को कड़ी हिदायत के साथ निर्देशों का पालन करने को कहा गया। साथ ही बिना मास्क लगाए व अकारण घूम रहे चालकों पर पुलिस सख्त दिखी। इस दौरान मेडिकल, सफाई कर्मी, बिजली कर्मी, हॉस्पिटल, निजी चिकित्सालय सहित आवश्यक जरूरतों की व्यवस्था जारी रही। कोरोना महामारी का दायरा बढ़ा सिंगरौली। जिले में कोरोना संक्रमण अपने पैर पसारता चला जा रहा है। बीते वर्ष की अपेक्षा यह माना जा रहा था कि संक्रमण की तादाद लगातार घटती चली जाएगी परंतु दूसरे चरण में एक बार फिर कोरोना ने रफ्तार पकड़ ली है। संक्रमित लोगों का आंकड़ा आधा सैकड़ा से भी ऊपर पहुंच गया है और प्रतिदिन इन मामलों में वृद्धि होती चली जा रही है। जिले में अब तक कोरोना के 2305 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं।