सोनभद्र। बकरीद नजदीक आने के साथ ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। सेवईं, खजूर की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ बढ़ रही है तो कपड़ा, सौंदर्य प्रसाधन की भी लोग खूब खरीदारी कर रहे हैं। सोमवार को नगर के बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही।
कोरोना के कारण इस बार भी बकरीद पाबंदियों के बीच ही मनाई जाएगी। मस्जिद और सार्वजनिक स्थानों पर 50 से अधिक लोगों को एक साथ नमाज अदा करने की इजाजत नहीं है। पाबंदियों के चलते लोगों में थोड़ी मायूसी है, फिर भी बच्चे और महिलाएं पूरे उत्साह के साथ त्योहार की खुशियां एक-दूसरे से बांटने को लालायित हैं। वह इसकी तैयारियों में भी जोर-शोर से जुटे हैं। इसके मद्देनजर नए कपड़े, गहने, जूता-चप्पल, सौंदर्य प्रसाधन के सामानों की खरीदारी हो रही है। वहीं घर आने वाले मेहमानों के स्वागत में लजीज सेवइयां परोसने के लिए भी वह सेवई, मेवा आदि की खरीदारी कर रहे हैं। नगर में सेवई की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है। सेवईं की बिक्री कर रहे सराफत अली का कहना है कि बाजार में सेवईं 160 रुपये से लेकर 200 रुपये किलो तक उपलब्ध है।