फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: गरीब परिवार की बेटियों की शादी के लिए मिलेगा 20 हजार रुपये शगुन

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र। शासन की तरफ से एक बार फिर से कन्याओं के हाथ पीले (शादी) करने के लिए 20-20 हजार रुपये देने की योजना शुरू की गई है। कई साल से बंद शादी अनुदान योजना का लाभ सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति व जनजाति के जरूरतमंदों को समाज कल्याण विभाग से मिलेगा। पात्र व्यक्ति बेटियों की शादी से 90 दिन पहले या 90 दिन बाद तक शादी अनुदान के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की तरफ से पिछड़ा वर्ग की पुत्रियों के विवाह के लिए शादी अनुदान योजना का लाभ पहले भी दिया जाता था।
विज्ञापन

जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने बताया कि गरीब व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी के लिए अनुदान योजना चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 से शुरू हो गई है। इसे लेकर विभाग के निदेशक की तरफ से सभी जिला प्रशासन को पत्र भी भेजा गया है। इच्छुक व्यक्ति अपनी पुत्रियों की शादी से 90 दिन पहले या 90 दिन बाद तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
उसके बाद ग्रामीण इलाकों के आवेदन संबंधित विकास खंड और नगर क्षेत्र के तहसील में जमा करेंगे। चयनित को 20 हजार रुपये एकमुश्त शादी अनुदान का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी एक परिवार में दो पुत्रियों की शादी के लिए अनुदान योजना का लाभ मिल सकेगा। चयन में निराश्रित महिला या दिव्यांग आवेदकों को वरीयता दी जाएगी।
विज्ञापन

पात्रता पूरी करने वाले व्यक्ति अपनी पुत्री की शादी के अनुदान के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए शादी का कार्ड, ऑनलाइन आय प्रमाण पत्र व जाति प्रमाण पत्र, आवेदक, कन्या और वर का आधार कार्ड, आवेदक व कन्या के फोटो, आवेदक निराश्रित (विधवा) है तो पति का मृत्यु प्रमाण पत्र और दिव्यांग है तो उसका प्रमाण पत्र लगेगा।
-
आवेदन करने के लिए यह है पात्रता
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि गांव में रहने वाले व्यक्ति की वार्षिक आय 46080 रुपये व नगर क्षेत्र के आवेदक की आय 56460 रुपये वार्षिक से कम होनी चाहिए। विवाह के लिए पुत्री की उम्र 18 या उससे अधिक होनी चाहिए। कोई भी व्यक्ति समाज कल्याण विभाग से संचालित शादी अनुदान योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में से सिर्फ एक योजना का ही लाभ ले सकता है।
-
पिछड़ा वर्ग कल्याण से 575 लोगों को मिला शादी अनुदान का लाभ
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विद्या देवी ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में 823 लाभार्थियों को शादी अनुदान दिए जाने का लक्ष्य रखा गया था। इसके मुकाबले में अब तक 743 आवेदन आए हैं। इसमें से 575 आवेदकों के बैंक खाते में शादी अनुदान की राशि भेजी जा चुकी हैं।
-
सामूहिक विवाह का भी मिलता रहेगा लाभ
समाज कल्याण विभाग से सभी जातियों की बेटियों के विवाह व निकाह के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ भी मिलता रहेगा। इसमें गरीब पुत्री की शादी पर सरकार 51 हजार रुपये खर्च करती है। इसमें विवाहिता को 35 हजार रुपये उसके बैंक खाते में मिलते हैं। साथ ही 10 हजार रुपये की सामग्री भी दी जाती है। छह हजार रुपये विवाह के आयोजन में खर्च होते हैं। सामूहिक विवाह योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की वार्षिक आय दो लाख रुपये होनी चाहिए।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें