ओबरा के मनोरंजन केंद्र में विक्ट्री साइन दिखातीं विजेता टीम की खिलाड़ी।
- फोटो : SONBHADRA
ओबरा के मनोरंजन केंद्र संख्या एक में सेवेन वंडर्स और विमेंस रिगेंट के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। रोमांचक मैच में सेवेन वंडर्स की टीम पांच विकेट से विजेता रही। रूपम मिश्र को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
रिगेंट की कप्तान सुभद्रा यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। रिगेंट की टीम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज पांच ओवर में 45 रन जोड़े। टीम के बढ़ते स्कोर से चिंतित वंडर्स की कप्तान पूजा ने गेंदबाजी में परिर्वतन करते हुए सरिता कदम को गेंदबाजी सौंपी। सरिता के मेडन ओवर ने रिगेंट के बढ़ते स्कोर पर ब्रेक लगा दिया। अंतिम सातवें ओवर में वंडर्स की सृष्टि ने सीता और श्वेता चौरसिया का कठिन कैच लेकर रिगेंट को 48 रनों पर समेट दिया। जवाब में उतरी वंडर्स की टीम ने पांचवें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मैच पांच विकेट से जीत लिया। अच्छी गेंदबाजी व बल्लेबाजी के लिए रूपम मिश्रा को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। मैत्रीपूर्ण मैच का उद्घाटन वनिता मंडल की अध्यक्ष भारती ने किया। संचालन माधुरी गुप्ता, रीना चर्तुवेदी व ज्योति मिश्रा ने किया। अंपायर की भूमिका दीपक कुमार व प्रवीण ने निभाई। मैच की कमेंट्री कुमार गौरव केन, अमित प्रकाश, प्रकाश गुप्ता ने किया। इस अवसर पर कृतिका, पुष्पा रजक, पूनम यादव आदि मौजूद रहीं।