कोरोना के बढ़ते केस के साथ अब स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है। पॉजिटिव मिलने के सात दिनों तक होम आइसोलेशन पूरा करने के बाद मरीजों को छुट्टी दे दी जा रही है। उनकी दोबारा जांच नहीं हो रही। बुधवार को 35 मरीजों को छुट्टी दी गई।
कोरोना की पहली लहर में कोरोना संक्रमित होने के बाद मरीज को अस्पताल में 28 दिनों तक भर्ती किया जाता था। इस दौरान प्रत्येक तीन-चार दिनों पर जांच की जाती थी। इसमें मरीज की हालत में सुधार का अंदाजा लगाया जाता था। बाद में आइसोलेशन का समय 14 दिन तय किया गया। चौदह दिनों के बाद मरीज के स्वस्थ होने के लिए जांच जरूरी होती थी। नए नियमों के तहत अब सात दिन की अवधि पूरी करने के बाद मरीज को दोबारा जांच कराने की जरूरत नहीं है। सीएमओ डॉ. रमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय की नई गाइड लाइन के तहत होम आइसोलेशन में रहते हुए दवाओं के साथ अन्य निर्देशों का पालन करते हुए सात दिन बिताने पर मरीज को छुट्टी दी जा रही है। विशेष परिस्थिति में कोई दिक्कत होने पर कोविड कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही है।