राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण व राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के संयोजन में 14 मई को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए मोटर दुर्घटना से जुड़े बीमा कंपनियों के पदाधिकारियों व अधिवक्ताओं की बैठक हुई। इसमें लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों को निस्तारित कराने पर जोर दिया गया।
मोटर दुर्घटना दावा अभिकरण के पीठासीन अधिकारी संजय हरि शुक्ल ने कहा कि लोक अदालत एक बड़ा मंच है। इसमें सुलह-समझौतों के माध्यम से विवादों का निस्तारण कर हम मुकदमों का बोझ कम कर सकते हैं। बीमा कंपनी के प्रतिनिधि और अधिवक्ता सामंजस्य बनाकर इस दिशा में काम करें। ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभान्वित करने का लक्ष्य होना चाहिए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्वकालिक सचिव पंकज कुमार ने बताया कि लोक अदालत में मुकदमों के शीघ्र निस्तारण से श्रम और धन दोनों की बचत होती है। किसी भी पक्षकार की हार व जीत नहीं होती है। लोगों को इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें।