तापीय परियोजना काॅलोनी ओबरा के सेक्टर नौ स्थित आवास में एक सिक्योरिटी गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियाें में मौत हो गई। उसका शव कमरे में मिला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गाजीपुर के जमानिया थाना क्षेत्र के जीवपुर निवासी अरविंद सिंह (42) ओबरा परियोजना काॅलोनी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत था। उसे पिता की मौत पर मृतक आश्रित के तहत नौकरी मिली थी। शुक्रवार की रात ड्यूटी से आने के बाद वह सेक्टर नौ स्थित अपने आवास पर सोने चला गया। शनिवार की सुबह रोज की भांति सिक्योरिटी गार्डों की परेड के दौरान गार्ड को अनुपस्थित देख सिक्योरिटी इंचार्ज उसके आवास पर पहुंचे। वहां कमरे का दोनों दरवाजा अंदर से बंद मिला। खटखटाने के बाद कोई प्रतिक्रिया न होने पर सिक्योरिटी इंचार्ज ने सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह घर के अंदर प्रवेश किया तो देखा गार्ड अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा था। पुलिस ने बताया कि गार्ड के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष देवीवर शुक्ला ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा।