इसी तरह नगर से सटे कुलडोमरी ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय डुड़ियानार ने 5 लाख, प्राथमिक विद्यालय मोहलाइनसोत ने 21 लाख, प्राथमिक विद्यालय डयनिया ने 5 लाख और प्राथमिक विद्यालय बरोहियां ने 14.77 लाख रुपये बिजली निगम को दे दिए। एक वर्ष बीत गए, लेकिन बिजली निगम अभी तक विद्यालयों में बिजली कनेक्शन नहीं करा पाया।
अनपरा नगर के विद्यालयों से बिजली के खंभों की दूरी भी ज्यादा नहीं है। इसके बावजूद वहां कनेक्शन में एक वर्ष का समय लग गया। नए सत्र की शुरुआत हो चुकी है। गर्मी भी बढ़ने लगी है।
कक्षा में शिक्षक और विद्यार्थी दोनों ही पसीने से तरबतर हो रहे हैं। विद्यालयों में पानी के लिए भी समस्या हो रही है। बच्चे हैंडपंप का पानी इस्तेमाल कर रहे हैं। बिजली न होने से कंपोजिट विद्यालय कुबरी, उच्च प्राथमिक विद्यालय गरबंधा, प्राथमिक विद्यालय ममुआर और मुड़ीसेमर में स्मार्ट क्लास का संचालन बंद है।
कुलडोमरी के प्राथमिक विद्यालय डुड़ियानार, प्रावि. मोहलाइनसोत, प्राथमिक विद्यालय डयनिया और प्राथमिक विद्यालय बरोहियां में भी बिजली न होने से स्मार्ट बोर्ड से पढ़ाई नहीं हो रही है।
दो सौ से अधिक विद्यालयों में नहीं हुआ है विद्युतीकरण
सोनभद्र। जिले में कुल 2061 परिषदीय एवं कंपोजिट विद्यालय हैं। इनमें दो सौ से अधिक विद्यालयों में विद्युतीकरण नहीं हो पाया है। लोकसभा चुनाव से पहले विद्यालयों में विद्युतीकरण की प्रक्रिया तेज हुई थी। शासन ने 278 विद्यालयों में विद्युतीकरण के लिए करीब 20 करोड़ रुपये की धनराशि दी थी। इससे पिपरी डिवीजन में 194 और रॉबर्ट्सगंज डिवीजन के 84 परिषदीय विद्यालयों में विद्युतीकरण कराया जाना था। कुछ विद्यालयों में काम पूरा हो पाया।
इनकी भी सुनें
कनेक्शन से वंचित जिले के सभी 199 परिषदीय विद्यालयों की एक साथ निविदा हो गई है। विद्यालयों तक खंभे के माध्यम से बिजली पहुंचाने का काम तेजी से किया जा रहा है। जल्द ही सभी विद्यालयों में कनेक्शन पूर्ण कर लिया जाएगा। - दिलीप कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड पिपरी