अनपरा नगर पंचायत के महावीर चौक पर वेतन न मिलने पर प्रदर्शन करते सफाईकर्मी। संवाद
अनपरा। समय पर वेतन न मिलने और पीएफ का भुगतान न होने से नाराज नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को अनपरा बाजार के महावीर चौक पर इकट्ठा होकर कार्य बंद कर दिया। इससे नगर के कई वार्डों में सफाई कार्य बाधित रहा।
सफाई कर्मचारियों ने बताया कि पिछले 6 महीने से वेतन समय पर नहीं मिल रहा है। दो महीने में एक महीने का वेतन दिया जा रहा है। इससे हम लोगों के घर का बजट खराब हो गया है। पहले भी समय पर वेतन न मिलने पर हम लोगों ने नगर पंचायत कार्यालय पर शिकायत की थी। आश्वासन मिला था कि समय पर वेतन भुगतान किया जाएगा, लेकिन अभी तक अप्रैल का भुगतान नहीं किया गया है। साथ ही ज्यादातर सफाई कर्मचारियों का पीएफ भी नहीं जमा किया जा रहा है। एक जैकट दिया गया है, गलती से उतारकर रख दिया तो एक दिन का वेतन काट लिया जाता है। कार्य बंद होने की सूचना पर आर्यन एनवायरोटेक ने सफाईकर्मियों को आश्वस्त किया कि दो दिनों के अंदर वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा और पीएफ भी जमा किया जा रहा है। मौके पर कुछ लोगों के पीएफ जमापर्ची भी दिखाया। आश्वासन पर सभी सफाईकर्मी काम पर लौटे।
अनपरा नगर पंचायत के महावीर चौक पर वेतन न मिलने पर प्रदर्शन करते सफाईकर्मी। संवाद