सोनभद्र। सहकारिता विभाग की तरफ से 30 समितियों पर 496 बकायेदार चिह्नित किए गए हैं। खरीफ और रबी सीजन 2023-24 बीत जाने के बाद भी बकाया जमा नहीं किया है। बकायेदारों को चिह्नित करते हुए 95 क के तहत नोटिस जारी कर दिया गया है। अब इन बकायेदारों से पांच प्रतिशत अतिरिक्त चार्ज के साथ बकाया वसूली की जाएगी। इन पर कुल 2.40 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है।
जनपद सोनभद्र में कुल 62 साधन सहकारी समितियां (बी-पैक्स) संचालित हैं। इन समितियों के माध्यम से किसानों को खाद एवं अन्य सुविधा मुहैया कराई जाती है, ताकि किसानों को खेतीबारी में दिक्कत न हो। जिले में संचालित 30 समितियों से जुड़े 496 किसानों ने खाद की उठान की मगर खरीफ व रबी सीजन बीतने के बाद भी बकाया जमा नहीं कर सके हैं। 30 जून के बाद सभी बकायेदारों के खिलाफ 95 क की कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया गया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक 496 किसानों पर कुल दो करोड़ 40 लाख 39 हजार 992 रुपये बकाया है। सबसे अधिक केकराही किसान सेवा सहकारी समिति के 136 किसान बकायेदार सूची में शामिल हैं। इन किसानों पर 30 लाख 65 हजार 426 रुपये बकाया है। दूसरे नंबर पर सिरसाई समिति है, यहां 56 किसान बकायेदार की सूची में शामिल हैं। इन किसानों पर 18 लाख 78 हजार से अधिक का राजस्व बकाया है। सबसे कम अनपरा व दुरावल में संचालित समिति पर एक-एक किसान बकायेदार हैं।
जिले में संचालित 30 समितियों के 496 किसान बकायेदार हैं। बकायेदारों को समिति की तरफ से 95 क के तहत नोटिस जारी किया गयाहै। बकायेदारों पर 2.40 करोड़ रुपये से अधिक बकाया है। अब पांच प्रतिशत अतिरिक्त चार्ज के साथ अमीन के जरिये वसूली होगी। - देवेंद्र प्रताप सिंह, एआर कोआपरेटिव।