जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय होने लगा है। ठग ने एक व्यक्ति को उसके बेटे को नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर 12 लाख से अधिक ले लिया। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर मदद की गुहार लगाई है। डीआईजी/एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने राबर्ट्सगंज कोतवाल को केस दर्ज करने का आदेश दे दिया है।
पुलिस के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के जुड़ी गांव निवासी पीड़ित चंद्रमा प्रसाद ने तहरीर देकर अवगत कराया है कि उनका इकलौता पुत्र मनोज कुमार बीएड उत्तीर्ण कर टीजीटी की तैयारी इलाहाबाद में रहकर करता है। उनका बेटा अगस्त माह 2021 में टीजीटी की परीक्षा के लिए फार्म भरकर तैयारी कर रहा था। उनके पड़ोसी गांव के एक व्यक्ति ने नौकरी दिलाने के नाम पर 12 रुपये मांगे। उसके झांसे में आकर उसने जमीन बेचकर 12,50,000 दे दिया, लेकिन रिजल्ट आया तो उसके बेेटे का नाम सूची में नहीं था। नौकरी न मिलने पर उसने अपना रुपया मांगना शुरू किया तो उसने देने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं मामले की जानकारी किसी को देने पर बेटे को उठवाने की भी धमकी दे रहा है। इंस्पेक्टर का कहना है कि नौकरी लगाने के नाम पर रुपये लेने वाले के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्यवाही की जा रही है।