शाहगंज थाना क्षेत्र के सरंगा में गत 24 जून को पोल पर चढ़े संविदा लाइनमैन की करंट से हुई मौत के बाद आठ घंटे तक शव पोल पर ही टंगे रहने के मामले में एक्सईएन राबटर्सगंज को वाराणसी अटैच कर दिया गया है।
24 जून को सरंगा में सुबह पांच बजे बिजली कार्य करते वक्त पोल पर चढ़े डाक्टर नामक लाइनमैन की मौत हो गई। मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा करने के साथ ही शाहगंज राजगढ़ मार्ग जाम कर दिया। एसडीएम, एएसपी, सीओ ने पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी।
एक्सईएन राबट्र्सगंज राजेंद्र प्रसाद पटेल के मौके पर न पहुंचने पर डीएम के निर्देश एसी सुभाषचंद्र यादव ने परिवारीजनों को आर्थिक मदद देकर लोगों को शांत कराया। दोपहर एक बजे शव उतारा जा सका। उधर, घटना से गुस्साए संविदा लाइनमैनों ने घोरावल, शाहगंज से लेकर करमा क्षेत्र तक की बत्ती गुल कर दी।
इस बात की जानकारी एमडी अतुल निगम को हुई तो उन्होंने अधीक्षण अभिंयता से जानकारी लेने के बाद एक्सईएन को तत्काल मौके पहुंचने को कहा। लेकिन कोई पहल नहीं हुई तो अधीक्षण अभियंता के जरिए प्रखंड के सभी जेई को भेजकर रात तीन बजे आपूर्ति बहाल कराई गई।
इसको गंभीरता से लेते हुए एमडी ने 27 जून को एक्सईएन राजेंद्र को राबट्र्सगंज से हटाकर अधिशासी अभियंता (संबद्ध) डिस्काम मुख्यालय वाराणसी के लिए तैनाती आदेश जारी कर दिया। सात जुलाई को सीएम आगमन का हवाला देकर उन्हें रोका गया।
इसके बाद उन्हें रिलीव कर दिया गया। एमडी अतुल निगम का कहना था कि सरंगा में लाइनमैन की मौत मामले में एक्सईएन ने काफी लापरवाही बरती। उनके निर्देश के बाद भी वह नहीं पहुंचे। समय रहते स्थिति कंट्रोल नहीं होती तो मामला काफी गंभीर हो जाता। इसी लापरवाही के चलते उन्हें राबट्र्सगंज से हटाया गया है।