एनसीएल झिंगुरदा कोयला क्षेत्र के आवासीय परिसर स्थित शापिंग सेंटर में शनिवार की रात महिला व्यवसायी के यहां डकैती की घटना सामने आई है। सूचना पर पुलिस के उच्च अधिकारी रविवार को मौके पर पहुंचे और जांच की।
एनसीएल झिंगुरदा कोयला क्षेत्र मध्यप्रदेश के सिंगरौली में स्थित है। घटना इसी कोयला क्षेत्र के आवासीय परिसर स्थित शापिंग सेंटर में हुई। शापिंग सेंटर की दुकान संख्या 11 में रीना शुक्ला पत्नी अवधेश शुक्ला की किराना की दुकान है।
पीड़ित परिवार के मुताबिक शनिवार की रात 10 बजे करीब दुकान बंद कर घर के सदस्य दुकान से लगे आवास में चले गए। रात डेढ़ से दो बजे के बीच शापिंग सेंटर के छत से छह नकाबपोश बदमाश हथियार लेकर आंगन में कूद गए।
घर का दरवाजा खुलने के बाद घरवालों के साथ धक्कामुक्की की। अवधेश को गोली मारने की धमकी देते हुए रस्सी से हाथ बांध दिया और महिलाओं को धमका कर घर में मौजूद करीब पांच लाख रुपये नकदी, सोने की अंगूठी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
पीड़ित परिवार ने रात में ही मोरवा थाना एवं झिगुरदा सिक्योरिटी को फोन पर घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने के बाद रात में ही पुलिस एवं एनसीएल सुरक्षा बल की टीम पहुंचकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
मगर, कोई सुराग नहीं मिला। सुबह मोरवा थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ कर घटना के बारे में जानकारी ली। सिंगरौली के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने घटना की पुष्टि की और कहा कि पुलिस तफ्तीश के बाद पूरी सच्चाई सामने आएगी।
पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। वही पिछले सप्ताह मोरवा थाना क्षेत्र के वार्ड आठ स्थित किराना दुकान में चोरोंं ने सेंधमारी कर लाखोंं रुपये का सामान चोरी किया था। पुलिस ने इसका खुलासा कर आरोपियों को पकड़ जेल भेज दिया था।