सोनभद्र। सीडीओ डा.अमित पाल शर्मा ने मंगलवार को बाल विकास परियोजना अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट में बैठक कर कार्यों में हुई प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सीडीपीओ को सितंबर माह में चल रहे राष्ट्रीय पोषण माह को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारी का ठीक तरह से निर्वहन करने के निर्देश दिए।सीडीओ ने निर्देश दिया कि पोषण माह को सफल बनाने के लिए सारी तैयारी पूरी करें। जिला कार्यक्रम अधिकारी को उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाले सीडीपीओ व कर्मचारियों पर कड़ाई कर बाल विकास कार्यक्रमों में खराब प्रगति में सुधार की हिदायत दी।
कार्य में लापरवाही बरतने वाले दुद्धी, चतरा व बभनी ब्लाक के सीडीपीओ से उन्होंने स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने राष्ट्रीय विकास एजेण्डा में पोषण को केन्द्र में लाने के लिए पोषण अभियान की शुरूआत की है। इसका मकसद कम वजन के बच्चों व इमीनिया के दर में कमी लाना है। बैठक में बच्चों का चिह्नांकन, किचन गार्डेन के लिए वृक्षा रोपण, पोषण विषय पर आनलाइन प्रतियोगिताएं आयोजित करने, डिजिटल पोषण पंचायत, वीडियो कांफ्रेंसिंग की समीक्षा की गई।
सीडीओ ने माडल आंगनबाड़ी केन्द्र व पोषण वाटिका के निर्माण के सम्बन्ध में चयन की प्रक्रिया, वाल पेन्टिंग, बच्चों के खेल-कूद के लिए झूलों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बच्चों को बैठने के लिए चटाई व स्वच्छता किट, पोषण वाटिकाओं के उपयोग, आंगनबाड़ी कार्य कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, उपज के लिए बीज व फसल की व्यवस्था में सुधार के निर्देश भी दिए। बैठक में डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी, बीएसए डॉ गोरखनाथ पटेल, पीडी आरएस मौर्या, डीसी एनआरएलएम एके जौहरी, उपायुक्त मनरेगाटीबी सिंह, डीपीआरओ विशाल सिंह आदि मौजूद रहे।