सोनभद्र। उभ्भा और सपही गांव में डीएम एस.राजलिंगम के निर्देश पर घोरावल प्रशासन 281 पट्टेधारकों की जमीन की नापीजोखी कराकर पत्थरगड्डी करवाना शुरू कर दिया है। ताकि कोई पट्टेधारक दूूसरे की जमीन में बढ़ कर जोतकोड़ न कर सकें। सरकारी खर्चों पर पत्थरगड्डी कराया जा रहा है। शनिवार को एडीएम ने घोरावल एसडीएम जैनेंद्र सिंह सिंह से अभी तक कितने पट्टेधारकों की भूमि पर पत्थरों को गड़वाया गया समेत अन्य कार्यों से संबंधित रिपोर्ट तलब किया है। उधर शनिवार को भी तहसीलदार की मौजूदगी में राजस्व कर्मी पत्थरगड्डी का कार्य कराने में जुटे रहे।
पिछले वर्ष घोरावल कोतवाली क्षेत्र के उभ्भा गांव में विवादित भूमि को लेकर दो पक्षों में हुई खूनी संघर्ष में 11 लोगों की मौत और ढाई दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे। मरने वालों के आश्रितों, घायलों समेत 281 लोगों को उभ्भा और सपही गांव में पट्टे पर जमीन दी गई है। तहसील प्रशासन ने सभी पट्टेधारकों की भूमि नापकर उनके हवाले भी कर चुका है। लेकिन अभी तक अधिकांश लोगों ने अपनी जमीन पर जोतकोड़ नहीं कर रहे थे। इसी का फायदा उठाते हुए कुछ लोग पट्टेधारकों की जमीन पर जोतकोड़ करने में जुट गए। इासकी भनक लगते ही प्रशासन अलर्ट हो गया और एक व्यक्ति द्वारा दो पट्टेधारकों की जमीन पर किए गए कब्जा को हटवाते हुए केस दर्ज कराया। मामला संज्ञान में आने पर डीएम ने घोरावल एसडीएम को सभी पट्टेधारकों की जमीनों की नापी कराकर उनकी जमीन में पीलर गड़वाने का निर्देश दिया है, ताकि कोई दूसरे की जमीन पर जोतकोड़ न कर सकेें।