दुद्धी। अनपरा क्षेत्र के करहिया स्थित ऑक्सीजन प्लांट में पाइप लाइन में लिकेज के चलते बुधवार को रिफलिंग कार्य शुरू नहीं हो सका। लिकेज दूर करने के लिए कर्मचारी लगे हुए हैं। प्लांट के अनुरक्षण कार्य के बाबत उप जिलाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि मंगलवार की शाम 7.30 बजे कूलिंग कंप्रेसर को इंस्टॉल कर दिया गया था, लेकिन लीकेज के चलते रिफलिंग का कार्य शुरू नहीं हो पाया।
लीकेज पता लगाने में कर्मचारी लगे रहे। उसे ठीक कर पुन: एक बार नाइट्रोजन चार्ज कर लोड देकर लीक चेक किया जाएगा। एयर प्रेशर लोड चेक करने की प्रक्रिया सफलता पूर्ण होने पर नाइट्रोजन डिस्चार्ज कर उसमें आर 407 सी कूलिंग गैस चार्ज किया जाएगा। गैस चार्ज किए जाने के पश्चात पूरे प्लांट को चालू कर चार से पांच घंटे तक उससे आइडल मोड में चलने दिया जाएगा। इसके पश्चात प्लांट से ऑक्सीजन रिफिलिंग शुरू हो पाएगी। बताया कि यदि गैस प्लांट शुरू हो जाएगा तो कोरोना महामारी जैसे बीमारी में हो रहे ऑक्सीजन की कमी से काफी हद तक निजात मिल जाएगी। जिले भर के अस्पतालों में और अन्य जनपदों में आवश्यकता के अनुसार ऑक्सीजन की आपूर्ति मिलने से लोगों को सहूलियत होगी।