अनपरा। लॉकडाउन और बदले मौसम के कारण प्रदेश में बिजली की डिमांड में दूसरे दिन भी कम रही। इस दौरान प्रदेश के बिजलीघरों से मशीनो को कम लोड पर चलाया जा रहा है।
यूपी स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के मुताबिक प्रदेश में बिजली की डिमांड में लगातार एक सप्ताह से कमी दर्ज की जा रही है। पीक आवर मे जहां बिजली की डिमांड प्रदेश में 18 हजार मेगावाट से अधिक बनी रहती है वहीं सप्ताह के अंत में लाकडाउन और मौसम में आए परिवर्तन के कारण 13 हजार मेगावाट तक ही सीमित रह जा रही है। जिससे परियोजनाओं में मशीनों को कम लोड पर चलाकर थर्मल बैकिग की जा रही है। उत्पादन निगम के पारीक्षा बिजलीघर की तीसरी इकाई को बंद कराने के निर्देश दिये गये है। इससे पूर्व एनटीपीसी टांडा बिजलीघर की भी चारों इकाईयों को बंद करवा दिया गया। 1200 मेगावाट की लैकों अनपरा सी परियोजना से भी उत्पादन आधा करा दिया गया है। उत्पादन निगम की अनपरा तापीय परियोजना की दो इकाइयां 210 मेगावाट की तीसरी व 500 मेगावाट की सातवीं इकाई तकनीकी कारणों से पहले से ही बंद चल रही है इसके बावजूद भी 210 मेगावाट की अनपरा ए की पहली व दूसरी इकाई से 420 की जगह 290 मेगावाट पर चलायी जा रही है। अनपरा ब की पांचवी व अनपरा डी की छठवीं इकाई को पूर्ण क्षमता से चलाया जा रहा है। पांचवी इकाई से 436 मेगावाट तथा छठवी से 468 मेगावाट का उत्पादन किया जा रहा था जबकि लैंको की दोनों इकाइयों से 1200 मेगावाट के अपेक्षाकृत 618 मेगावाट पर ही चलाया जा रहा है। अनपरा व ओबरा के बिजलीघरों से लगभग रविवार को एक हजार मेगावाट से अधिक की थर्मल बैकिंग की जा रही थी। कंट्रोल बोर्ड के मुताबिक सोमवार से बिजली की डिमांड में बढ़ोत्तरी दर्ज की जायेगी।
500 मेगावाट की चौथी इकाई इंस्पेक्शन के लिए बंद
अनपरा। 2630 मेगावाट की अनपरा तापीय परियोजना की 500 मेगावाट की चौथी इकाई रविवार को ब्वायलर इंस्पेक्शन के लिए बंद की गयी जिससे इस इकाई से उत्पादन ठप है। परियोजना प्रबधन के अनुसार वार्षिक इंस्पेक्शन का कार्य किया जा रहा है जिससे इस इकाई को बंद कराया गया है। ब्वायलर इंस्पेक्टर द्वारा रविवार को अनपरा तापीय परियोजना की चौथी इकाई का इंस्पेक्शन कर दिशा निर्देश दिये गये। इस्पेक्शन होने के बाद इस इकाई को सिन्क्रोनाइज किया जायेगा।