सोनभद्र। सदर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को नौ नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने, महिला से छेडख़ानी, बलवा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर किया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश करने में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र निवासी वादी का आरोप है कि उसकी बहू का एक पूर्व प्रधान से अवैध संबंध है। दस मई 2020 को सुबह लगभग 11.30 बजे पूर्व प्रधान को उसकी बहू के साथ आपत्तिजनक हाल में छोटी बहू ने देख लिया। छोटी बहू के शोर मचाने पर वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों केे साथ मौकेे पर पहुंचे तो बड़ी बहू व पूर्व प्रधान ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद फरार हो गया। कुछ समय बाद अपने घर के अन्य परिवार के साथ पहुंच कर पुन: मारने पीटने लगा। उसे बचाने के लिए छोटा लड़का गया तो आरोपियों ने उसकी भी बुरी तरह पिटाई की। उसकी पत्नी का बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और अश्लील हरकते करने लगे। इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर राधेश्याम, शीला देवी, जय सिंह, अभय, निर्भय, अजय, आकाश, जंगबहादुर, अजीत, रामसूरत और दो अज्ञात के खिलाफ छेडख़ानी, बलवा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बिजली चोरी में 12 के खिलाफ तहरीर
सोनभद्र। बिजली विभाग की टीम ने पेटराही और भटौलिया में अभियान चलाकर जांच की। इस दौरान कटिया लगाकर बिजली जलाए जाने पर टीम ने 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी। कटिया कनेक्शन से गांव में आटा चक्की भी चलाए जाते पकड़ा गया। एक्सईएन एसके सिंह ने बताया कि संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दी गई है।