शक्तिनगर में आग से बचाव के तरीकों का प्रदर्शन करते सीआईएसएफ जवान। स्रोत स्वयं
दीपावली पर आग से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सीआईएसएफ की एनटीपीसी शक्तिनगर यूनिट के फायर विंग ने शुक्रवार को संगम शॉपिंग सेंटर में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें दुकानदारों और ग्राहकों को आग बुझाने के उपकरणों के इस्तेमाल और आपात स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने के तरीके बताए गए।
कमांडेंट विवेक आर्या के दिशा-निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट जाधव निलेश अन्ना, कंपनी कमांडर (अग्नि) अजीत आनंद और उनकी टीम ने 51 दुकानदारों एवं ग्राहकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान आग लगने के संभावित कारणों, विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों और उनके इस्तेमाल की जानकारी दी गई। फायर विंग की टीम ने अग्निशमन उपकरणों का प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया। दीपावली पर पटाखे जलाने, दीये रखने और बिजली की सजावट करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सुरक्षित निकास का रास्ता अपनाना चाहिए और उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों का सही तरीके से इस्तेमाल करना चाहिए।