चोपन ब्लाक के कोटा ग्राम पंचायत के परासपानी में स्थित जीएलआर -2 पम्प हाउस में भरा बरसात का पानी
चोपन ब्लॉक के कोटा ग्राम पंचायत स्थित परासपानी में जीएलआर-2 पंप हाउस भारी बारिश के कारण जलमग्न हो गया। इससे पेयजल आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। पंप हाउस में पानी भरने से लाखों रुपये के उपकरण खराब होने की आशंका जताई जा रही है।
बृहस्पतिवार रात हुई तेज बारिश के बाद पंप हाउस में मोटर, पंप, जनरेटर और बिजली की वायरिंग समेत अन्य उपकरण पानी में डूब गए। पंप हाउस संचालक ने जरूरी सामान बाहर निकाल लिया, लेकिन पानी की निकासी के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। परासपानी निवासी आरके सिंह आर्मो ने पंप हाउस के निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि पंप हाउस खाईनुमा भूमि पर बनाया गया है, जिसके कारण पहले भी यहां जलभराव हो चुका है। पूर्व में भी मोटर और अन्य उपकरण खराब होने से विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ था।
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात से पहले जून में ही अधिकारियों को जलभराव की समस्या से अवगत कराया गया था। इसके बावजूद समय रहते समस्या का समाधान नहीं कराया गया।
इस संबंध में असिस्टेंट मैनेजर विजय सिंह ने बताया कि वह अभी बैठक में हैं। समस्या का समाधान कराया जाएगा।