विंढमगंज थाना क्षेत्र से चोरी हुए स्क्रैप को आरपीएफ ने बरामद कर लिया है। इस मामले में आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन विंढमगंज में तैनात पीडब्ल्यूआई को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर दिया गया।
बीते शुक्रवार को विंढमगंज रेलवे स्टेशन से दो ट्रक पर रेलवे के स्क्रैप चोरी का मामला सामने आया था। धनबाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल जांच के लिए टीमें गठित कर सोनभद्र रवाना किया। जांच के दौरान टीमें एक ट्रक लखनऊ और दूसरा एक ट्रक मिर्जापुर से पकड़ कर स्क्रैप को बरामद कर लिया। टीमों ने जांच के दौरान पाया कि विंढमगंज रेलवे स्टेशन पर तैनात पीडब्ल्यूआई एके सिन्हा की मिलीभगत से स्क्रैप को गायब किया है। बुधवार को टीम ने एके सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया। इस बाबत असिस्टेंट कमांडेंट आरपीएफ अरुण कुमार ने बताया कि चोरी का माल बरामद कर लिया गया है और आरोपी रेल कर्मी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया।