सीडीओ जागृति अवस्थी ने शनिवार को कनहर बांध व जल जीवन मिशन की अमवार पेयजल परियोजना का निरीक्षण किया। सिंचाई विभाग के फील्ड हॉस्टल पहुंच सीडीओ ने कनहर परियोजना के मॉडल से इसकी विस्तृत जानकारी ली।
सिंचाई विभाग व जन जीवन मिशन के अधिकारियों के साथ बैठक कर गांव में पानी आपूर्ति को लेकर चर्चा की। सिंचाई विभाग के जेई नंदलाल यादव व जल निगम के अधिकारियों को जल्द से जल्द परियोजना का कार्य पूरा कर हर घर नल जल योजना के तहत पानी आपूर्ति करने को कहा।
उन्होंने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट व इंटकवेल का निरीक्षण किया। बांध के जलस्तर 257 मीटर से ऊंचाई पर बने इंटकवेल की समीक्षा कर नाराजगी जताई। एलएनटी के प्रोजेक्ट मैनेजर अजित सिंह ने सीडीओ को बताया कि क्रेस्ट लेवल 256.100 तक पानी बांध में रहा तो इंटकवेल से पानी आपूर्ति होगी।
उससे कम पानी रहा तो सप्लाई नहीं हो पाएगी। सिंचाई विभाग के जेई नंदलाल यादव ने बताया कि 30 जुलाई तक बांध में पानी क्रेस्ट लेवल 256 मीटर तक रहेगा। जलनिगम के एक्सईएन अरुण सिंह ने कहा कि जल जीवन मिशन योजना के तहत अमवार पेयजल योजना का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है।
कनहर बांध में आवश्यकता के अनुसार जलस्तर न होने से योजना का संचालन नहीं हो पा रही थी। तय जलस्तर 31 जुलाई तक सिंचाई विभाग की ओर से उपलब्ध करा दिया जाएगा, जिससे योजना का टेस्टिंग कर गांव में जलापूर्ति प्रारंभ कर दिया जाएगा।
सीडीओ जागृति अवस्थी ने बताया कि अगस्त महीने से जल जीवन मिशन के तहत गांव में लोगों तक पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। संबंधित अधिकारी तेज गति से पानी आपूर्ति बहाल करने में जुटे हुए हैं।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ राम राम विशाल चौरसिया, अजित सिंह प्रोजेक्ट मैनेजर एलएनटी, निमेश मेहरा, मामूर अली, सेक्रेट्री सुरेंद्र मौजूद रहे।