नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी की अध्यक्षता में नगर पंचायत कार्यालय के समक्ष बोर्ड की हुई बैठक में शुक्रवार की शाम को विभिन्न प्रस्ताव पारित पारित हुए। खुली बैठक होने के कारण इसमें नगर के लोग भी शामिल हुए और अपनी समस्याओं को साझा किया। इस पर अधिशासी अधिकारी मधुसूदन जायसवाल ने कार्य योजना तैयार कर जल्द समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया।
इस दौरान पूर्व वित्तीय वर्ष 2023-24 के आय धनराशि 2724.33 लाख और व्यय धनराशि 2929.52 लाख रुपये के लेखों के प्रस्तुतीकरण के साथ वार्षिक कार्य योजना पर भी विचार विमर्श किया गया। इसमें वार्ड-एक में 474.89 लाख से 19 कार्य, वार्ड-तीन में 617.20 लाख से 38 कार्य, वार्ड-14 में 590.54 लाख से 31 कार्य, वार्ड-15 में 301.91 लाख से 14 कार्य कराए जाने हेतु सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।
इसके साथ ही अन्य वार्डों में प्राथमिकता के आधार पर राज्य वित्त और 15वां वित्त आयोग मद से कार्य कराए जाने संबंधित कार्य योजना स्वीकृत किए जाने के लिए प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके अतिरिक्त पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, तथा सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए जाने संबंधी प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया। इस दौरान नगर पंचायत ओबरा के सभासद, नगरवासी आदि मौजूद रहे।