सोनभद्र। कानपुर में बदमाशों से मुठभेड़ के दौरान एक सीओ समेत आठ पुलिस कर्मियों की हुई हत्या के बाद पुलिस महकमा अपराधियों का जड़ से सफाया करने में जुटा है। डीजीपी ने सभी एसपी को हत्या, लूट, नकबजनी समेत समेत अन्य बड़े वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों की कुंडली तैयार करवा कर कड़ी कार्रवाई करने का फरमान जारी किया है। अपराधियों के चल-अचल संपति, उनके द्वारा किए गए अपराध समेत अन्य जानकारी से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। बदमाशों द्वारा अपराध करके अर्जित की गई संपत्तियों को कुर्क करने की कार्यवाही की जाएगी।
एसपी आशीष श्रीवास्तव ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के टॉप टेन अपराधियों के बारे में रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराएं। थाना प्रभारी अपने क्षेत्र के टॉप-10 अपराधियों के मकान, जमीन, वाहन, उनके द्वारा किए गए अपराध आदि की रिपोर्ट तैयार करना शुरू कर दिया है। अपराधियों के मकानों की फोटो भी खींचा जा रहा है। वर्तमान में टॉप -10 की सूची शामिल व्यक्ति अपराध की दुनिया में कदम रखने से पहले क्या करता था और उसकी आर्थिक स्थिति क्या थी इसका भी पता लगाया जा रहा है।
जिले में कुल 22 थाने है, इसमें महिला थाना भी शामिल है। महिला थाना छोड़ 21 थानों के प्रभारी अपराधियों की कुंडली तैयार करने मेें जुटे हुए है। रविवार को सदर कोतवाल अंजनी कुमार राय टॉप-10 अपराधियों की रिपोर्ट तैयार करने के लिए उरमौरा समेत अन्य गांवों में भ्रमण कर कई अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों के मकानों की फोटो लेकर अन्य जानकारी एकत्र करने में जुटे रहे।
सभी थाना प्रभारियों सेे टॉप-10 अपराधियों की रिपोर्ट तैयार कराया जा रहा है। बदमाशों द्वारा अपराध कर अर्जित की गई संपति को कुर्क करने की कार्यवाही भी कराई जाएगी। बदमाशों के बारे में सही तथ्य से अवगत न कराने वाले प्रभारियों के विरूद्घ कार्रवाई होगी। अपराध कर समाज में भय और दहशत का माहौल पैदा करने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हों।
-आशीष श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक