जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट में हुई। इसमें व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए उसके समाधान की रूपरेखा तय की गई। डीएम ने संबंधित विभागों को शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समाधान कराने का निर्देश दिया।
डीएम चंद्र विजय सिंह ने कहा कि नियमानुसार कार्रवाई कर उद्यमियों की समस्याओं का निराकरण करें ताकि अधिक से अधिक रोजगार सृजित हो और उद्यमी भी अपने उद्योग को कुशलता पूर्वक संचालित करते रहें। उद्योगों से संबंधित आवेदन शत-प्रतिशत निवेश मित्र पोर्टल से किया जाए। उद्योगों के आवेदन सीधे ऑनलाइन कराए जाएं। जिन कारोबारियों को ऑनलाइन आवेदन करने में दिक्कत हो वे उद्योग विभाग के कार्यालय में जाकर आवेदन प्रक्रिया को जानें। जब ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से हो गई है। ऐसे में अनावश्यक रूप से ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया से दूर रहें। उन्होंनेे मौके पर मौजूद जिला उद्योग एवं प्रोत्साहन अधिकारी को निर्देशित किया कि उद्यमियों के प्रति की जा रही कार्रवाई पर पैनी नजर रखें। बैठक में एडीएम वित्त सहदेव मिश्र, एडीएम नमामि गंगे आशुतोष दुबे, एलडीएम अरुण पांडेय आदि मौजूद रहे।