अनपरा। तकनीकी खामी के कारण ऊर्जांचल के एमईआईएल और अनपरा तापीय परियोजना की एक-एक इकाई से बुधवार को देर शाम उत्पादन बंद हो गया था। एमईआईएल की इकाई से बृहस्पतिवार को उत्पादन शुरू हो गया, लेकिन अनपरा की इकाई की मरम्मत का काम अभी चल रहा है।
निजी क्षेत्र की एमईआइएल अनपरा एनर्जी लिमिटेड की 600 मेगावाट की इकाई तकनीकी कारणों से बुधवार की देर शाम बंद हो गई। सूचना पर मरम्मत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुबह करीब 11 घंटे बाद तकनीकी खराबी को ठीक कर वृहस्पतिवार की सुबह इकाई को सिंक्रोनाइज कर पूर्ण क्षमता से उत्पादन शुरू कर लिया गया है।
इस बीच अनपरा डी की 500 मेगावाट की दूसरी इकाई तकनीकी कारणों से बुधवार की देर शाम बंद हो गई। इसे 60 घंटे के लिए बंद किया गया है। प्रबंधन ने शुक्रवार तक इकाई से उत्पादन शुरू होने की उम्मीद जताई है। इस बीच प्रदेश में बिजली की मांग बुधवार को 24 घंटे में 800 मेगावाट बढ़कर 21632 मेगावाट तक पहुंच गई।