सोनभद्र। पुलिस महानिरीक्षक पीएसी के अनिल कुमार राय ने बृहस्पतिवार को 48वीं बटालियन पीएसी वाहिनी बहुआर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फाइलों के रखरखाव की जानकारी ली। निर्देश दिया कि फाइलों के रखरखाव में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। जवानों से उनकी समस्या के बारे में पूछताछ की। उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निराकरण जल्द से जल्द होगा।
बृहस्पतिवार को दो दिवसीय दौरे पर आए पुलिस महानिरीक्षक पीएसी ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि पीएसी 48वीं बटालियन की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों का मनोबल बढ़ाने व वार्षिक निरीक्षण बाबत जिले में आए हैं। इस दौरान वे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के भी दौरे भी करेंगे। वे पनौरा, सूअरसोत, मांची सहित अन्य क्षेत्रों के पीएसी कैंप पर जाकर तैनात जवानों से मिलकर उनकी समस्याओं से अवगत होंगे। कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग व मॉस्क के प्रयोग पर भी जोर दिया।
निर्देश दिया कि जवान मॉस्क अवश्य लगाए। आईजी पीएसी अनिल कुमार राय ने बताया कि उन्होंने बहुआर कार्यालय का निरीक्षण किया है। संबंधितों को फाइलों के रखरखाव का निर्देश दिया है। जवानों को सचेत किया गया है कि वे सोशल डिस्टेंस का पूरा ख्याल रखें। जवानों को आश्वस्त किया गया है कि उनकी समस्याओं का जल्द निवारण होगा। जवानों को उन्होंने नए गाइडलाइन व नए प्रपोजलों के बारे में जानकारी दी। आईजी ने बताया कि पिछले वर्ष में अच्छी कार्यप्रणाली वाले जवानों को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान 48वीं रिजर्व वाहिनी पीएसी के सेनानायक अशोक कुमार राय, उप सेनानायक डॉ. अंजनी कुमार, शिविर पाल धीरेंद्र बहादुर सिंह, जय सिंह यादव, मीडिया प्रभारी कमलेश कुमार गौतम मौजूद रहे।