रामगढ़। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के तेलाड़ी गांव में मंगलवार की रात में चंदा के मौत के मामले में पुलिस ने सास, ससुर, पति को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि देवर फरार चल रहा है। उसकी तलाश में पुलिस छापा मार रही है। पुलिस के मुताबिक मृतका के पिता रमेश जायसवाल ने आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री चंदा की हत्या कर दी गई है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने ससुर राजकुमार, सास उषा देवी, पति गोविंद जायसवाल और देवर अमरेश कुमार के खिलाफ दहेज हत्या मामले में मुकदमा पंजीकृत किया था। इस संबंध में थाना प्रभारी महेन्द्र पांडेय ने बताया कि बुधवार की रात आठ बजे मुखबिर से मिली सूचना पर सास, ससुर और पति को गुरौटी मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी देवर फरार चल रहा है। जिसकी तलाश में छापा मारा जा रहा है।