सोनभद्र। पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने मुख्यमंत्री को पत्र भेज कर प्राईवेट अस्पतालों में आक्सीजन उपलब्ध कराने की मांग की है। कहा कि वर्तमान में कोरोना काल में यहां के निवासी अत्यन्त गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के द्वारा जिला मुख्यालय पर सौ बेड का शिशु एवं मातृ चिकित्सालय का निर्माण कराया गया था। इसके अलावा 200 बेड का और अस्पताल बनवाया गया है। उसी दो सौ बेड के अस्पताल को पिछले वर्ष से कोविड लेवल-2 अस्पताल के रूप में प्रयोग किया जा रहा है और अभी कोविड 19 के बढ़ते प्रकोप के कारण प्रतिदिन मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिस कारण 200 बेड के कोविड अस्पताल में मरीजों को बेड नही मिल पा रहा है।
जिला मुख्यालय पर स्थित साईं हास्पिटल 30 बेड, कीर्तिपाली हास्पिटल 100 बेड, जीवन ज्योति क्रिश्चियन अस्पताल 10 बेड, सोनभद्र सुपर मल्टी स्पेशियालिटी हास्पिटल समेत नौ प्राइवेट अस्पतालों को मुख्य चिकित्साधिकारी ने कोविड हास्पिटल घोषित किया है। लेकिन इन सभी हास्पिटलों को प्रशासन की तरफ से पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध न कराये जानें के कारण ये निजी अस्पताल कोविड मरीजों को भर्ती नही कर रहें है। सरकारी अस्पतालों में बेड की कमी के कारण और निजी अस्पतालों में आक्सीजन की कमी बताकर प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों को भर्ती नही किया जा रहा है। इससे कई मरीज ईलाज न मिलने के कारण घर पर या रास्ते पर या अस्पताल के बाहर ही दम तोड़ दे रहे है।