राबर्ट्सगंज स्थित मॉ वैष्णो मॉडन पब्लिक स्कूल।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले के विद्यालयों में एलकेजी और यूकेजी के अलावा अन्य कक्षाओं को चलाने को लेकर विद्यालय प्रबंधन ने तैयारी तो कर ली है। लेकिन कोरोना संकट को देखते हुए शासनादेश के बाद ही विद्यालय खोलने की योजना है। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों का कहना है कि कोविड को ध्यान में रखते हुए ही विद्यालय का संचालन होगा।
इस बाबत नगर स्थित संत जेवियर्स स्कूल के प्रधानाचार्य फादर आल्बर्ट प्रवीण लोबो ने बताया कि उनके विद्यालय में कोरोना महामारी के संक्रमण-काल में भी शिक्षा-दीक्षा का कार्य अनवरत चल रहा है। प्री-प्राइमरी से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों के लिए माइक्रोसॉफ्ट टीम्स एप के जरिए कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इसमें निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप ही अलग-अलग कक्षाओं के लिए 45 मिनट, डेढ़ घंटा और तीन घंटे की निर्धारित समयावधि के लिए ही ऑनलाइन कक्षाएं संचालित हो रही हैं। ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल सिरसाई, घोरावल के प्रधानाचार्य अनुराग पांडेय ने बताया कि शासनादेश के आने पर ही विद्यालय खोले जाएंगे। कोविड 19 के संक्रमण को ध्यान में रखते हुए नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यालयों की जिम्मेदारी बढ़ गयी है। खासकर नर्सरी से यूकेजी के छात्रों के लिए अलग पाली का निर्धारण कर लिया गया है। उनके आने के पूर्व और बाद में विद्यालय परिसर व कक्षों को सैनिटाइज करने के बाद ही कक्षा एक से आठ तक के छात्रों की कक्षाएं चलाई जाएंगी। अभिभावकों को गेट पर ही रोकने की योजना है। सभी छात्रों को गेट पर ही शारीरिक तापमान और हाथ सैनिटाइज करने के बाद ही कैंपस में प्रवेश मिलेगा।
कक्षा में दो गज की दूरी पर रोल नंबर से बैठने की व्यवस्था की तैयारी की गयी है। कोरोना संकट टलने तक प्रार्थना सभा का आयोजन नही किया जाएगा। केपी पब्लिक स्कूल सतौहा घोरावल के प्रधानाचार्य रमेश कुमार दूबे ने बताया कि सरकारी आदेश आने पर स्कूल खोला जाएगा। शिक्षण कार्य प्रारंभ होने पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाएगा। जरूरत होने पर दो पालियों में क्लास चलाई जाएगी। स्कूल गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद बच्चों व शिक्षकों को प्रवेश दिया जाएगा। प्रार्थना स्थगित रहेगी। मां वैष्णो मॉडर्न पब्लिक स्कूल राबर्ट्सगंज के प्रधानाचार्य सत्यदेव श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यालय को सैनिटाइज किया गया है। शासन से विद्यालय खोलने का आदेश मिलते ही कोविड गाइडलाइन के अनुसार विद्यालय संचालित किये जाएंगे।