सोनभद्र। ग्राम पंचायतों का चुनाव 31 मार्च से पहले कराने को लेकर शासन से मिले दिशानिर्देश के तहत पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जनवरी के आखिरी सप्ताह में चुनाव तिथि घोषित होने की संभावना जताई जा रही है। जिले के 637 ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 25 दिसंबर को समाप्त होने जा रहा है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार वर्ष 2015 में हुए पंचायत चुनाव के दौरान राबर्ट्सगंज में 140, चोपन में 61, नगवां ब्लाक में 52, घोरावल ब्लॉक में 144, चतरा में 60 ग्राम पंचायतें शामिल थीं। वहीं दुद्धी में 60, बभनी में 40 और म्योरपुर में 80 ग्राम पंचायतें शामिल थीं। अब दो नए ब्लाकों के गठन किया गया है। इसमें नवगठित कर्मा ब्लाक में 63 और कोन ब्लाक में 31 ग्राम पंचायतें शामिल होंगी। ऐसे में जिला व क्षेत्र पंचायत सदस्य के चुनाव के लिए वार्डों का नए सिरे से परिसीमन की कवायद की जानी है। राबर्ट्सगंज ब्लॉक की 27, घोरावल की 36, चोपन की 25 की ग्राम पंचायतें दोनों नवगठित ब्लाकों करमा और कोन में शामिल होनेे से नए सिरे से वार्डों का गठन होगा। दो नए ब्लाकों के गठन का सर्वाधिक असर घोरावल, राबर्ट्सगंज व चोपन ब्लॉक पर पड़ा है। इन ब्लाकों की ज्यादा ग्राम पंचायतें नवगठित ब्लाकों में शामिल की गई हैं। चुनाव की तैयारियों को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि जनवरी 2021 के अंतिम सप्ताह में पंचायत चुनाव कराने के लिए अधिसूचना जारी की जा सकती है।
कोट
प्रदेश सरकार की ओर से 31 मार्च के भीतर पंचायत चुनाव कराने के दिए गए निर्देश के क्रम में तैयारियां की जा रही हैं। अब तक आयोग की ओर से चुनाव कराने की तिथि मुकर्रर नहीं गई है।- जगरूप पटेल, सहायक निर्वाचन अधिकारी
-
इनसेट
2015 में 1246257 महिला-पुरुष थे वोटर
सोनभद्र। वर्ष 2015 मेें पंचायत चुनाव में जिले में 1246257 महिला और पुरुष वोटर थे। इसमें नगवां ब्लाक के 52 ग्राम पंचायतों में 64891 मतदाता, राबर्ट्र्सगंज के 140 ग्राम पंचायतों में 236636, चोपन के 61 ग्राम पंचायतों में 222456, दुद्धी के 60 ग्राम पंचायतों में 115113, म्योरपुर ब्लाक के 80 ग्राम पंचायतों में 239587, बभनी के 40 ग्राम पंचायतों में 71940, चतरा के 60 ग्राम पंचायतों में 81589 एवं घोरावल के 144 ग्राम पंचायतों में 214045 मतदाता थे।
-
इनसेट
तैयारी तेज, मतपत्र पहुंचे
सोनभद्र। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी तेज गति से की जा रही है। आयोग की ओर से चुनाव कराने के लिए जिले में करीब 5426900 मतपत्र भेजे जा चुके हैं। ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, बीडीसी और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतपत्र अलग-अलग रंग के हैं। इन मतपत्रों को सुरक्षित रखवाया गया है। वर्ष 2021 में होने वाले चुनाव में मतदाताओं की संख्या में 10 प्रतिशत वृद्धि और उपचुनाव के मद्देनजर दो प्रतिशत अर्थात कुल 12 प्रतिशत की वृद्धि को आधार मान कर बैलेट पेपर मंगाए गए हैं।