तकनीकी खराबी के कारण बुधवार रात में अनपरा परियोजना की सातवीं इकाई से विद्युत उत्पादन ठप हो गया। दूसरी के बाद सातवीं इकाई के भी बंद हो जाने के कारण परियोजना के साथ निगम के उत्पादन में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है।
प्रबंधन के अनुसार ब्वॉयलर ट्यूब लीकेज के कारण बुधवार रात 8:30 बजे परियोजना की 500 मेगावाट की सातवीं इकाई को शट डाउन लेना पड़ा। इकाई का अनुरक्षण शुरू हो गया है। निर्धारित समय-सीमा के भीतर इस इकाई को लोड पर ले लिया जाएगा। उधर तकनीकी खराबी के कारण एक सप्ताह से अधिक समय से बंद 210 मेगावाट की दूसरी इकाई को बृहस्पतिवार शाम तक लाइटअप नहीं किया जा सका। एक साथ 710 मेगावाट की इकाइयों के बंद होने के कारण परियोजना के उत्पादन में भी गिरावट दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार शाम तक अनपरा परियोजना से स्थापित क्षमता 2630 मेगावाट के सापेक्ष महज 1716 मेगावाट उत्पादन किया जा रहा था।