उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ ने निवर्तमान अध्यक्ष इं. वीपी सिंह की पेंशन से कटौती और अन्य अभियंताओं पर कार्रवाई का कड़ा विरोध किया है। बुधवार को परियोजना मुख्यालय पर विरोध सभा की गई। अनपरा, ओबरा परियोजनाओं पर अभियंताओं ने शाम चार बजे से पांच बजे तक विरोध सभा की।
वक्ताओं ने कहा कि पावर कारपोरेशन के चेयरमैन एम. देवराज की कार्रवाई अभियंता संघ की गतिविधियों को दबाने और विद्वेष की भावना से उठाया गया कदम है। उन्होंने बताया कि अभियंता संघ के अध्यक्ष पद पर रहते हुए इं. वीपी सिंह ने पावर कारपोरेशन के शीर्ष प्रबंधन के उत्पीड़नात्मक रवैये और अभियंताओं को अनावश्यक उत्पीड़ित किए जाने का सदैव मुखर विरोध किया। इससे खिन्न चेयरमैन ने बदले की भावना से सेवानिवृत्ति के बाद वीपी सिंह की पेंशन से 15 प्रतिशत की कटौती के आदेश दिए हैं। इनके अलावा अधीक्षण अभियंता इं. जयेंद्र कुमार गुप्ता, इं. मनोज कुमार, इं. राम लखन और अधिशासी अभियंता इं. अनीष माथुर के विरुद्ध वृहद दंड के आदेश किए हैं। पूर्व में भी कई अभियंताओं के विरुद्ध उत्पीड़नात्मक कार्रवाई हुई है। अभियंता संघ इन सभी आदेशों का पुरजोर विरोध करता है। ऊर्जा मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अभियंताओं ने उत्पीड़नात्मक कार्रवाइयों को निरस्त कराने के लिए प्रभावी हस्तक्षेप की मांग की। ओबरा परियोजना पर विरोध सभा में इं.श्रीकांत वर्मा, इं.अजय प्रताप सिंह, इं.प्रभात शर्मा, इं.अंकित प्रकाश, इं.रोहित गुप्ता, इं.धीरज वर्मा, इं.राजेंद्र, इं.अनिल तिवारी आदि मौजूद रहे।