सूचना मिलते ही चोपन पुलिस ने जानकारी ओबरा व डाला पुलिस को दी। बग्घानाला पहुचते ही बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो मोटरसाइकिल पर बैठा लुटेरा 35 वर्षीय सुशील कुमार उर्फ गुरु उर्फ रितेश पुत्र बैजनाथ राम निवासी ढाचाबार, थाना पाण्डू, जनपद पलामू (झारखण्ड) ने चोपन पुलिस की वाहन पर चार फायर झोक दिया। एक गोली पुलिस की वाहन पर लग गई। फायरिंग के दौरान चोपन थाना प्रभारी ख़ुद वाहन चला रहे थे। जवाबी फायरिंग में सुशील के दाहिने पैर मे गोली लगी।
घटनास्थल पर पड़ी पिस्तौल
- फोटो : अमर उजाला
सुशील पिस्टल सहित सड़क पर गिर गया और दूसरा लूटेरा 25 वर्षीय दिलिप पासवान पुत्र संजय पासवान निवासी बासडीह खुर्द थाना केतार जिला गढ़वा बाइक खड़ा कर भागने लगा। दोनों बदमाशों को घेरेबंदी करके दबोच लिया गया। उनके पकड़े जाने की सूचना उच्च अधिकारियों को देते हुए घायल बदमाश को चोपन सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया। घटना स्थल पर पहुंचे सीओ सिटी राहुल पाण्डेय ने बताया कि सुशील ऊर्फ गुरु नक्सली है, जिसके विरुद्ध झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों में दर्जनों मुकदमे पंजीकृत हैं। मुठभेड़ में सुशील के दाहिने पैर में गोली लगी है और दिलिप पासवान को सही सलामत घेरेबंदी करके पकड़ लिया गया है। उनके पास एक पिस्टल समेत मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। पकडे़ गए दोनो अभियुक्तों के विरुद्ध 25 - 25 हजार का इनाम सोनभद्र पुलिस द्वारा घोषित किया गया था।