लोढ़ी स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में मतदान दलों की रवानगी स्थल का जायजा लेते मंडलायुक्त योग
- फोटो : SONBHADRA
विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मिर्जापुर मंडल के कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र और डीआईजी आरके भारद्वाज शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में अफसरों के साथ बैठक कर चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। निष्पक्ष व भयमुक्त मतदान कराने के लिए पुलिस-प्रशासन को समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया। अफसरों ने राजकीय पालिटेक्निक कॉलेज लोढ़ी में स्थापित स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया।
कलेक्ट्रेट में बैठक करते हुए आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने डीएम से सकुशल चुनाव कराने के लिए की गई तैयारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से तालमेल स्थापित करते हुए बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी रखें। आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले उम्मीदवार या उनके समर्थकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। डीआईजी आरके भारद्वाज ने कहा कि अपराधियों और उन्हें संरक्षण प्रदान करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करें। थाना और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में अराजक तत्वों को चिह्नित कर उन्हें पाबंद करें। अवैध शराब समेत अन्य मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा, एडीएम राकेश सिंह, एडीएम आशुतोष दुबे, एएसपी विनोद कुमार, एएसपी विजय शंकर मिश्रा, सदर एसडीएम राजेश सिंह, घोरावल एसडीएम रमेश कुमार, ओबरा एसडीएम जैनेंद्र सिंह, दुद्दी एसडीएम प्रमोद तिवारी, डीएसओ गौरीशंकर शुक्ला, डीपीआरओ विशाल सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल आदि मौजूद रहे। वहीं समीक्षा बैठक के बाद आयुक्त व डीआईजी ने राजकीय पालिटेक्निक कॉलेज लोढ़ी में व्यवस्थापित स्ट्रांग रूम पहुंच कर ईवीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए लगे सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन व्यवस्था तथा सुरक्षा को लेकर प्रकाश और विद्युत वितरण की व्यवस्था का जायजा लिया।
विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों संग बैठक करते मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्?- फोटो : SONBHADRA