प्रधानमंत्री दो मार्च को करीब एक घंटे जिले में रहेंगे। इस दौरान वह इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद सीधे गाजीपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। प्रधानमंत्री का संभावित कार्यक्रम आने के लिए बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी है। कार्यक्रम स्थल पर बन रहे हेलीपैड पर सोमवार को सेना का हेलीकॉप्टर उतारकर टेस्टिंग की गई। एसपीजी की टुकड़ी पहले ही जिले में पहुंच चुकी है। अन्य जिलों से फोर्स भी सुरक्षा के मद्देनजर आ रही है। मंगलवार तक कार्यक्रम स्थल को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया जाएगा।
संभावित प्रोटोकॉल के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो मार्च को सुबह 10:50 बजे दिल्ली से रवाना होकर दोपहर 12:05 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर से दोपहर 12:50 बजे जिले में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से वह राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप जनसभा स्थल पर आएंगे। करीब एक घंटे तक जनसभा में रहने के बाद वह दोपहर 1:50 बजे गाजीपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। इस संभावित कार्यक्रम के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा प्रबंधों को तेज कर दिया है। सुरक्षा से जुड़े हर पहलू पर एसपीजी के अधिकारी निगाह लगाए हुए हैं। उधर, दोपहर में वाराणसी से सेना का हेलीकॉप्टर जिले में पहुंचा। हेलीकॉप्टर को हेलीपैड पर उतारकर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। करीब आधे घंटे तक रूकने के बाद हेलीकॉप्टर फिर से वाराणसी रवाना हो गया। इस दौरान डीएम टीके शिबू, एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, एडीएम राकेश सिंह समेत अन्य अफसर भी मौके पर जमे रहे।
जनपदीय सीमा क्षेत्र में ड्रोन कैमरे पर पाबंदी
दो मार्च को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर डीएम टीके शिबू ने जनपदीय सीमा के तहत ड्रोन कैमरों के प्रयोग पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। उन्होंने एसपी को एंटी ड्रोन टीम का गठन करने के लिए पत्र भी लिखा है। पीएम के प्रस्तावित आगमन और जनसभा में दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एंटी ड्रोन टीम के माध्यम से निगरानी कराने का निर्देश दिया है।
नौ आईपीएस, 12 एएसपी संभालेंगे सुरक्षा
पीएम की सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालने के लिए एसपीजी ने जिले में डेरा डाल दिया है। पीएम की सुरक्षा को लेकर कार्यक्रम स्थल और आसपास चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रहेगी। पुलिस सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री की सुरक्षा में करीब नौ आईपीएस, 12 अपर पुलिस अधीक्षक, 41 डिप्टी एसपी, 47 इंस्पेक्टर 300 पुरूष-महिला सब इंस्पेक्टर, 1500 हेड कांस्टेबल और कांस्टेल, आठ कंपनी पीएसी तैनात की जाएगी। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में सादे पोशाक में महिला और पुरुष पुलिसकमी तैनात रहेेंगे। व
आगामी दो मार्च को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क के समीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। कार्यक्रम स्थल और आसपास सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाएंगे। इसको लेकर रुपरेखा तैयार कर ली गई है। जरूरत के अनुसार फोर्स की मांगी गई है। - अमरेंद्र प्रसाद सिंह, डीआईजी/एसपी।
तीन को आएंगी प्रियंका गांधी
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का भी कार्यक्रम तय हो गया है। वह तीन मार्च को जिले में आएंगी। पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में तीन मार्च को रेणुकूट में सभा को संबोधित करेंगी। इस दौरान उनका रोड शो भी संभावित है। यह जानकारी कांग्रेस के प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्र ने दी है।
अखिलेश की सभा के लिए मांगी अनुमति
पीएम की सभा के दिन भी सपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सभा के लिए अनुमति मांगी है। सपा अध्यक्ष की सभा नगर के हाइडिल मैदान में प्रस्तावित है। जिलाध्यक्ष विजय यादव की ओर से प्रेषित पत्र में कार्यक्रम के लिए अनुमति चाही गई है।