सोनभद्र। राबट्र्सगंज समेत कई इलाकों में ड्रोन कैमरे से लाक डाउन तोडने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है। रविवार को ड्रोन कैमरे ने सड़कों पर घूम रहे कइयों की तस्वीर कैद कर लिया। पुलिस ने कैमरे से टहल रहे लोगों के फोटो की शिनाख्त करने में जुट गई है। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने मातहतों को बगैर काम के घरों से बाहर निकलने वालों के खिलाफ केस दर्ज करने का निर्देश दिया है।
कोरोना वायरस के चलते जिले को लॉकडाउन कर दिया गया है। लोगों को घरों से न निकलने की अपील की जा रही है। क्योंकि छूआछूत से कोरोना पांव पसारने का खतरा बना हुआ है। लेकिन रोक के बावजूद कुछ लोग घरों के बाहर घूमने से बाज नहीं आ रहे। हालांकि पुलिस प्रशासन ने ड्रोन कैमरे से लॉकडाउन का पालन न करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पिछले 24 घंटे के दौरान ड्रोन कैमरे ने राबर्ट्र्सगंज नगर और आसपास के गांवों में घरों के बाहर सड़कों पर आ जा रहे कइयों की फोटो ली है।
रविवार को भी ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही थी। राबर्ट्र्सगंज में एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी ओपी सिंह, सीओ राजकुमार तिवारी और कोतवाल मिथिलेश मिश्रा अलग-अलग भ्रमण कर लॉकडाउन का जायज लिया। पुलिस प्रशासन ने कैमरे में कैद तस्वीरों की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि सड़कों पर घूमने वाले व्यक्ति किसी काम से घरों के बाहर निकले थे या घूम रहे थे। एएसपी ओपी सिंह ने कहा कि ड्रोन कैमरे में जिनकी तस्वीर कैद हुई उनके बारे में जांच कर कार्रवाई की जाएगी। लॉकडाउन का उलंघन करने वाले किसी सूरत में बख्शे जाएंगे।