सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रविवार की रात नौ बजे से नौ मिनट तक दीया, मोमबत्ती, टार्च जलाकर उजाला फैलाने की मुहिम को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस मुहिम में हर वर्ग के लोग शामिल हुए। रात नौ बजते ही लोगों अपने घरों की लाइट बुझाकर बाहर, बालकनी और छतों पर जाकर दीये जलाए। वहीं कुछ लोगों ने टार्च तो किसी ने मोमबत्ती जलाकर उजाला फैलाया। रात में एक साथ नौ मिनट तक दीये जलने से दीपावली जैसा माहौल हो गया था। आम जनमानस के साथ भाजपा एवं सहयोगी पार्टी अपना दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने इस मुहिम में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं विपक्षी दलों के नेताओं ने इस मुहिम की आलोचना भी की। सपा जिलाध्यक्ष ने दीप जलाने की बजाए जरूरतमंदों को सहायता पहुंचाने पर जोर दिया। वहीं बसपा जिलाध्यक्ष ने इसे अंधविश्वास करार दिया।
जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज नगर में रविवार को सुबह से ही लोग प्रधानमंत्री के उजाला फैलाने की मुहिम को सफल बनाने के लिए एकजुटता का संदेश देने की तैयारी में जुट गये थे। भारतीय जनता पार्टी के जिलामंत्री अजीत रावत ने राबर्ट्सगंज दलित बस्ती में जाकर लोगों में दीया बांटा। उन्होंने बस्ती के लोगों से रात नौ बजे से नौ मिनट तक घर के बाहर निकलकर दीया जलाने की अपील की। मां शारदा शिक्षा एवं सेवा ट्रस्ट राबर्ट्सगंज (विंध्य कन्या महाविद्यालय) की ओर से 100 गरीबों एवं असहायों के परिवारों में दीया व खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए ट्रस्ट के अध्यक्ष शारदा सिंह ने गरीबों में चावल, आटा, दाल, साबुन, तेल के साथ रात नौ बजे उजाला फैलाने के लिए तेल से भरे दीये वितरित किए। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डा. अंजली विक्रम सिंह, डा.वी सिंह, डा.अजय कुमार सिंह, आनंद बहादुर सिंह, विश्रुत सिंह आदि मौजूद रहे। इसी तरह जिले के शाहगंज, घोरावल, करमा, केकराही, चोपन, डाला, रेणुकूट, दुद्धी, विंढमगंज, वैनी, खलियारी, रामगढ़, कोन, महुली, बभनी, म्योरपुर सहित अन्य स्थानों पर सामाजिक कार्यकर्ताओं की तरफ से गरीबों को दीया व तेल बांटा गया। दीये जलाते वक्त लोगों ने सोशल डिस्टेंस का भी ख्याल रखा।