सोनभद्र। विधानसभा चुनाव में एक खास प्रत्याशी को वोट देते हुए ईवीएम के साथ सेल्फी लेना शाहगंज निवासी एक युवक को भारी पड़ गया। पीठासीन अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने उसके विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
शाहगंज थाना क्षेत्र के ओहड़था निवासी भाजपा नेता कृष्णा पटेल ने सोमवार को मतदान के दौरान मोबाइल प्रतिबंधित होने के बाद भी नियमों को ताख पर रखते हुए मतदान करते हुए फोटो खींचकर वायरल कर दिया। वहीं पीठासीन अधिकारी दिनेश सिंह की तहरीर पर आरोपी पर शाहगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवक ने अपने फेसबुक पोस्ट में पार्टी के बड़े नेताओं को भी टैग किया था। वहीं कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी युवक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट को डिलीट कर दिया। थानाध्यक्ष संजय पाल ने बताया कि आरोपी पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।