विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने बुधवार को वेतन विसंगति सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर अनपरा परियोजना गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन परियोजना प्रबंधन को सौंपकर मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। संजीदगी न दिखने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
अध्यक्षता कर रहे उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ के महामंत्री सुशील श्रीवास्तव ने कहा कि कार्यालय सहायक और टीजी-दो को 42 सौ और चतुर्थ श्रेणी को 26 सौ रुपये का ग्रेड पे देने तथा श्रमिक नेताओं सहित 155 कर्मियों पर पूर्व में दर्ज मुकदमे को वापस किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। संचालन कर रहे यूपी बिजली बोर्ड इंप्लाइज यूनियन के महामंत्री विशंभर सिंह ने कहा कि परिवहन निगम की भांति बिजली निगमों में भी विभागीय संविदा लागबू करने, उच्चतम न्यायालय के आदेश और संविदा श्रमिक अधिनियम 1970 के अनुपालन में नियमित कर्मचारी की भांति भुगतान विभाग द्वारा सीधे किए जाने की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। 19 जुलाई 1998 को समझौते के अनुसार टीजी-दो को प्रथम टाइम स्केल जूनियर इंजीनियर का तथा श्रमिक को टीजी-दो का स्केल दिया जाए। विद्युत मजदूर संगठन के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह और एचएमएस के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने कहा कि बिजली विभाग में जनवरी 2005 तक सेवा में आए कार्मिकों को राज्य कर्मचारियों के समान पेंशन देने की मांग की। अगर मांगों के प्रति संजीदगी नहीं दिखी तो बड़े आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।