कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार को अपनी मांगों के समर्थन में राबर्ट्सगंज ब्लाक के ग्राम पंचायत मीतापुर के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने समाजवादी पेंशन योजना का लाभ पात्रों को नहीं देने का आरोप लगाया।
उन्होंने डीएम कार्यालय को मांगपत्र सौंपा। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई समाजवादी पेंशन योजना का लाभ पात्रों को नहीं मिल रहा है।
कहा कि पेेंशन की सूची में पात्रों को शामिल नहीं किया गया है। इसकी शिकायत प्रधान, सेक्रेटरी समेत ब्लाकस्तरीय अधिकारियों से की गई, लेकिन उनके सेहत पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
विवश होकर ग्रामीणों को न्याय के लिए डीएम के दरबार का दरवाजा खटखटाना पड़ा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिला प्रशासन ग्रामीणों की जायज मांगों को पूर्ण करने के साथ ही दोषी
अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं किया तो वृहद आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में राजाराम, हीराममणी, रामरक्षा, कलमा, लक्ष्मण, भगवंती, बसंती, श्याम कुमार मौजूद रहे।