एनसीएल मुख्यालय पर प्रदर्शन कर मांगों के समर्थन में आवाज उठाते सीटिया के एनसीएल जोन महामंत्री बीके पटेल एवं अन्य।
कोल इंडिया आईटीआई इंप्लाइज एसोसिएशन (सीटिया) के बैनर तले एनसीएल के तकनीकी कर्मियों ने शुक्रवार को कंपनी मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्य बहिष्कार कर साढ़े तीन सौ से अधिक तकनीकी कर्मियों ने सुबह आठ बजे से तीन बजे तक धरना दिया। इसके बाद जुलूस निकाल शाम को प्रदर्शन किया। एनसीएल प्रबंधन को पत्रक सौंप, मांगों के प्रति अविलंब संजीदगी न दिखाए जाने पर बेमियादी हड़ताल पर जाने का अल्टीमेटम दिया गया।
अगुवाई कर रहे एनसीएल जोन महासचिव बीके पटेल का कहना था कि सात माह पूर्व प्रबंधन और संगठन के बीच हुई वार्ता में तय हुआ था कि अवैध कब्जे वाले आवासों को खाली कराया जाएगा और खाली पड़े आवासों को तकनीकी कर्मियों को आवंटित किया जाएगा। इसी तरह अन्य मांगों को लेकर भी सहमति बनी थी लेकिन अब तक इसको लेकर प्रभावी पहल सामने नहीं आई। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद, केंद्रीय महामंत्री अजय शंकर ने कहा कि कोल इंडिया की ओर से जारी आदेशों को एनसीएल प्रबंधन तोड़मरोड़ कर लागू कर रहा है।
क्षेत्रीय समिति के अध्यक्ष आरटी राय, संगठन मंत्री एसएन लाल, संस्थापक सीता शरण सिंह, केंद्रीय उप महामंत्री जीपी शर्मा, जोनल उप महामंत्री एपी पांडेय, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष मंगलदीन, क्षेत्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने कहा कि किसी भी हाल में तकनीकी कर्मियों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। परियोजना इकाइयों के अध्यक्ष साहबलाल, जितेंद्र कुमार, प्रकाश पटेल, विजय कुमार झा, हरिमोहन चौधरी, जितेंद्र नागर, अखिलेश सिंह, अरविंद शाह, अच्छेलाल, पुरुषोत्तम कुमार ने भी आंदोलन तेज करने की हुंकार भरी। धरनासभा के बाद केंद्रीय विद्यालय ग्राउंड से मुख्यालय पर जुलूस निकाला गया।