सोनभद्र में राशन वितरण की नई व्यवस्था के तहत ई-पास मशीन में नेटवर्क न होने से वितरण कार्य ठप हो गया। जिससे घंटों इंतजार में खड़े कार्डधारकों का गुस्सा फूट गया। लोगों ने इसका विरोध करते हुए नारेबाजी की।
सोनभद्र जिले में राशन वितरण की नई व्यवस्था में दुश्वारियां दूर नहीं हो पा रही हैं। नेटवर्क की धीमी गति और तकनीकी खामियों से आए दिन कार्डधारक परेशान हो रहे हैं। गुरुवार को फिर नेटवर्क के कारण वितरण व्यवस्था बाधित हुई तो घंटे भर से कतार लगाए कार्डधारक उग्र हो गए। नगर की क्रय विक्रय सहकारी समिति स्थित कोटे की दुकान पर कार्डधारकों ने जमकर हंगामा किया। सड़क पर उतरकर नारेबाजी की।
विज्ञापन
क्या है नई व्यवस्था
मार्च माह से राशन वितरण के लिए व्यवस्था बदली गई है। इसके तहत ई-पास मशीन को तौल मशीन से कनेक्ट किया गया है। कार्डधारक के अंगूठे का निशान लगाने के बाद सीधे मशीन के जरिए राशन कार्डधारक को मिल जाएगा। इस प्रक्रिया में दोनों मशीनों के लिए इंटरनेट नेटवर्क जरूरी है। जिले के कई क्षेत्रों में नेटवर्क काफी कमजोर है या नेटवर्क ही नहीं है। इस कारण वितरण में दिक्कत आ रही है।
नगर के सहकारी समिति स्थित कोटे की दुकान पर गुरुवार को राशन लेने पहुंचे कार्डधारक नेटवर्क के अभाव में मशीन न चलने से भड़क उठे। नाराजगी जताते हुए हंगामा मचाने लगे। कार्डधारक पार्वती, सुमित, दुर्गावती, सीता, दिव्या, प्रिया, प्रियंका, आरती, कमलेश, शंकर आदि का कहना था कि वह कई दिनों से दुकान पर आ रहे हैं, लेकिन हर दिन घंटे भर इंतजार के बाद कोई न कोई दिक्कत बताकर राशन नहीं दिया जा रहा। इसके चलते कई परिवारों के समक्ष परेशानी बढ़ गई है। कार्डधारकों ने सड़क पर प्रदर्शन भी किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उपभोक्ताओं को समझा बुझा कर शांत कराया।