सोनभद्र जिला अस्पताल में इमरजेंसी में भर्ती होने वाले मरीजों की भी अब कोरोना जांच होगी। इसके लिए अस्पताल में ट्रू नाट मशीन आ गई है। मशीन के संचालन के लिए लैब टेक्नीशियन व अन्य को शुक्रवार की शाम जिला अस्पताल परिसर में प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीबी गौतम ने बताया कि अस्पताल में मशीन आ गई है। उसे इंस्टाल कराया जा रहा है। मंगलवार तक मशीन को चालू कराकर जांच शुरू करा दी जाएगी।
जिला अस्पताल में ओपीडी सेवा बंद है। महज इमरजेंसी सेवा संचालित हो रही है। ऐसे में दुर्घटना समेत अन्य वजहों से मरीज अस्पताल में भर्ती हो रही हैं। प्रसव के लिए गर्भवती महिलाएं भी भर्ती हो रही हैं। ऐसे में अस्पताल में मरीजों का ऑपरेशन, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड आदि भी हो रहा है। सरकार ने इमरजेंसी में आने वाले इन मरीजों के कोरोना के जांच की व्यवस्था किया है। इसके तहत जिला अस्पताल में ट्रू नाट मशीन भेजा गया है।
इस मशीन से इमरजेंसी में भर्ती होने वाले उन मरीजों की कोरोना की जांच होगी, जिनका ऑपरेशन, अल्ट्रासाउंड और एक्सरे होना जरूरी है। इस मशीन से कोरोना की जांच रिपोर्ट एक घंटे में मिल जाएगी। इमरजेंसी में मरीजों के ऑपरेशन से पूर्व जांच होने से यह स्पष्ट हो जाएगा कि मरीज कोरोना पाजिटिव है या नहीं।