सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को डीएम बद्रीनाथ सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। विधानसभा चुनाव के मतदेय स्थलों के विभाजन पर चर्चा की गई। बूथ लेवल पर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आयोग दिशा-निर्देशों से अवगत कराया।
बताया कि बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति कर उनकी फोटो व मोबाइल नंबर सहित जानकारी फार्म बीएल-2 पर उपलब्ध कराना अनिवार्य है। अब तक किसी भी दल ने बूथ लेवल एजेंटों की सूचना नहीं दी है। डीएम ने कहा कि आगामी पुनरीक्षण कार्यक्रम में यह जानकारी विधानसभावार और बूथवार जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
साथ ही राजनीतिक दलों से विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के जर्जर मतदान स्थलों का भौतिक सत्यापन कराने और यदि कोई सुझाव या आपत्ति हो तो शीघ्र जिला निर्वाचन कार्यालय को सूचित करने का आग्रह किया। बैठक में एडीएम वित्त वागीश कुमार शुक्ला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल, एडीआईओ विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।