सोनभद्र। जिले में पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। वोटर लिस्ट तैयार करने का काम शुरू हो चुका है। बीएलओ को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। वहीं गांव में चुनाव लड़ने के दावेदारों की भी सक्रियता बढ़ गई है। इस बीच पुलिस ने भी कमर कस ली है। पुलिस भी पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराए जाने के लिए कागजी तैयारी पूरी करने में जुट गई है। हर बीट सिपाही को ग्राम भ्रमण आख्या तैयार करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित प्रोफार्मा पर गांव से संबंधित हर छोटी से छोटी जानकारी दर्ज होगी। इससे वह जिले के सभी क्षेत्रों में होने वाली हर गतिविधि पर नजर रख सकेंगे।
बता दें कि ग्राम प्रधान के साथ ही ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के चुनाव कराना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होती है। ग्राम पंचायत के चुनाव एक सीमित क्षेत्र में होने और हर एक ग्रामीण के सीधे जुड़ाव के चलते विवाद की संभावनाएं और भी बढ़ जाती हैं। चुनाव के दौरान विवादों से बचने और समय से नियंत्रण पाने के लिए जिले की पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। ग्राम भ्रमण आख्या में गांव की आबादी, धार्मिक आधार पर आबादी की स्थिति, तमंचा रखने के शौकीनों के नाम, जुआरी व शराबियों के नाम, हिस्ट्रीशीटर, गंभीर अपराधों के आरोपी, मंदिर और मस्जिद की संख्या, शराब के ठेके, प्रधान पद के पूर्व प्रत्याशी व चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे युवाओं के नाम सहित अन्य जानकारियां दर्ज की जाएंगी। ग्राम भ्रमण आख्या में पुलिस का सहयोग करने वाले लोगों का ब्यौरा भी उनके मोबाइल नंबर के साथ दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा गांव के लेखपाल, सेक्रेटरी, एएनएम, आशा बहू और आंगनबाड़ी कार्यकत्री का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव का कहना है कि पंचायत चुनाव की दृष्टि से सभी बीट के सिपाहियों को ग्राम भ्रमण आख्या शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे चुनावों को सकुशल संपन्न कराने में काफी मदद मिलेगी। कहा कि थाना प्रभारियों को अराजक तत्वों को पांच पांच लाख रुपये से पाबंद करते हुए कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। चुनाव में खलल पैदा करने वालों को किसी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा।