अनपरा (सोनभद्र)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर पाकिस्तानी यू-ट्यूबर का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा और वायरल करने के आरोप में रविवार को तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई अनपरा व्यापार मंडल की तहरीर पर हुई है।
अनपरा व्यापार मंडल अध्यक्ष बाल गोपाल चौरसिया ने तहरीर में बताया कि बाजार निवासी शब्बीर अंसारी, जुबैर अंसारी और इजहार ने प्रधानमंत्री मोदी से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो पाकिस्तानी यूट्यूबर ने बनाया था। यह कृत्य भारत, प्रधानमंत्री एवं आरएसएस विरोधी है। पोस्ट से लगता है कि ये लोग देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैं। इससे हम सभी की भावनाओं को ठेस पहुंची है। पुलिस ने शनिवार की रात में ही तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के तीनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।