क्लीनिक और पैथोलॉजी केंद्रों का निरीक्षण करती स्वास्थ्य महकमे की टीम। - स्रोत जागरूक पाठक
सोनभद्र। मधुपुर-सुकृत इलाके में बगैर पंजीकरण क्लीनिक और पैथोलॉजी केंद्रों के संचालन की शिकायत पर बुधवार को एसीएमओ डाॅ. गुलाब शंकर यादव की अगुवाई वाली टीम ने जांच की। इस दौरान एक क्लीनिक और दो पैथोलॉजी केंद्रों का अवैध तरीके से संचालन होता मिला। संचालन पर कोई बोर्ड भी नहीं लगा था। तीनों को सील करते हुए नोटिस जारी किया गया। संचालकों से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया। जवाब न देने पर एफआईआर की चेतावनी दी गई।
एसीएमओ डाॅ. जीएस यादव की अगुवाई वाली टीम सबसे पहले मधुपुर स्थित शिवा पैथाेलॉजी पर पहुंची। टीम ने जांच की तो पता चला कि इस केंद्र का संचालन अवैध तरीके से किया जा रहा है। दोपहर करीब एक बजे टीम सुकृत स्थित ओम पैथोलॉजी पर पहुंची। यहां भी जांच के दौरान पंजीकरण का कोई रिकाॅर्ड नहीं मिला। इसके बाद टीम पास में ही बगैर बोर्ड लगे संचालन संचालन के शिकायत की जांच करने पहुंची तो पाया कि अरविंद शर्मा नामक व्यक्ति बगैर बोर्ड, बगैर पंजीकरण संचालन का संचालन कर रहा है। तीनों को तत्काल सील करने के साथ ही संबंधितों को नोटिस दिया गया। एसीएमओ डॉ. जीएस यादव ने बताया कि संचालकों को तीन दिन के भीतर जवाब देने के लिए कहा गया है। समुचित जवाब न मिलने या तय अवधि में जवाब न दिए जाने की स्थिति में कार्रवाई आगे बढ़ा दी जाएगी। परिस्थितियों को देखते हुए एफआईआर का भी निर्णय लिया जा सकता है।
यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जो लोग भी अवैध तरीके से अस्पताल, कलीनिक, पैथोलॉजी केंद्र का संचालन करते पाए जाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. पंकज कुमार राय, सीएमओ।